अबाबील

Khwaja Ahmad AbbasKhwaja Ahmad Abbas7 Jun 1914 – 1 Jun 1987

9 min read · 12.6K reads

उसका नाम तो रहीम ख़ाँ था मगर उस जैसा ज़ालिम भी शायद ही कोई हो। गाँव भर उसके नाम से काँपता था। न आदमी पर तरस खाए न जानवर पर। एक दिन रामू लुहार के बच्चे ने उसके बैल की दुम में काँटे बाँध दिए थे तो मारते मारते उसको अधमुआ कर दिया। अगले दिन ज़ैलदार की घोड़ी उसके खेत में घुस आई तो लाठी लेकर इतना मारा कि लहू-लुहान कर दिया।

लोग कहते थे कि कम्बख़्त को ख़ुदा का ख़ौफ़ भी तो नहीं है। मा’सूम बच्चों और बे-ज़बान जानवरों तक को मुआ'फ़ नहीं करता। ये ज़रूर जहन्नम में जलेगा। मगर ये सब उसकी पीठ के पीछे कहा जाता था। सामने किसी की हिम्मत ज़बान हिलाने की न होती थी।

एक दिन बिंदू की जो शामत आई तो उसने कह दिया, “अरे भई रहीम ख़ाँ तू क्यों बच्चों को मारता है।” बस उस ग़रीब की वो दुर्गत बनाई कि उस दिन से लोगों ने बात भी करनी छोड़ दी कि मा’लूम नहीं किस बात पर बिगड़ पड़े। बा’ज़ का ख़याल था कि उसका दिमाग़ ख़राब हो गया है। इसको पागलख़ाने भेजना चाहिए। कोई कहता था अब के किसी को मारे तो थाने में रपट लिखवा दो। मगर किस की मजाल थी कि उसके ख़िलाफ़ गवाही देकर उससे दुश्मनी मोल लेता।

गाँव भर ने उससे बात करनी छोड़ दी। मगर उस पर कोई असर न हुआ। सुब्ह-सवेरे वो हल कांधे पर धरे अपने खेत की तरफ़ जाता दिखाई देता था। रास्ते में किसी से न बोलता। खेत में जा कर बैलों से आदमियों की तरह बातें करता। उसने दोनों के नाम रखे हुए थे। एक को कहता था नत्थू, दूसरे को छद्दू। हल चलाते हुए बोलता जाता, “क्यूँ-बे नत्थू तू सीधा नहीं चलता। ये खेत आज तेरा बाप पूरे करेगा। और अबे छद्दू तेरी भी शामत आई है क्या।” और फिर उन ग़रीबों की शामत आ ही जाती। सूत की रस्सी की मार। दोनों बैलों की कमर पर ज़ख़्म पड़ गए थे।

शाम को घर आता तो वहाँ अपने बीवी-बच्चों पर ग़ुस्सा उतारता। दाल या साग में नमक है, बीवी को उधेड़ डाला। कोई बच्चा शरारत कर रहा है, उसको उल्टा लटका कर बैलों वाली रस्सी से मारते-मारते बे-होश कर दिया। ग़रज़ हर-रोज़ एक आफ़त बपा रहती थी। आस-पास के झोंपड़ों वाले रोज़ रात को रहीम ख़ाँ की गालियों, उसके बीवी और बच्चों के मार खाने और रोने की आवाज़ सुनते मगर बेचारे क्या कर सकते थे। अगर कोई मना करने जाए तो वो भी मार खाए।

मार खाते-खाते बीवी ग़रीब तो अधमुई हो गई थी। चालीस बरस की उ'म्र में साठ साल की मा’लूम होती थी। बच्चे जब छोटे-छोटे थे तो पिटते रहे। बड़ा जब बारह बरस का हुआ तो एक दिन मार खा कर जो भागा तो फिर वापस न लौटा। क़रीब के गाँव में एक रिश्ते का चचा रहता था। उसने अपने पास रख लिया। बीवी ने एक दिन डरते-डरते कहा, “बिलासपुर की तरफ़ जाओ ज़रा नूरू को लेते आना।” बस फिर क्या था आग बगूला हो गया। “मैं उस बदमा’श को लेने जाऊँ। अब वो ख़ुद भी आया तो टाँगें चीर कर फेंक दूँगा।”

वो बदमाश क्यों मौत के मुँह में वापस आने लगा था। दो साल के बा'द छोटा लड़का बिंदू भी भाग गया और भाई के पास रहने लगा। रहीम ख़ाँ को ग़ुस्सा उतारने के लिए फ़क़त बीवी रह गई थी सो वो ग़रीब इतनी पिट चुकी थी कि अब आ’दी हो चली थी। मगर एक दिन उसको इतना मारा कि उससे भी न रहा गया। और मौक़ा’ पा कर जब रहीम ख़ाँ खेत पर गया हुआ था वो अपने भाई को बुला कर उसके साथ अपनी माँ के हाँ चली गई। हम-साये की औरत से कह गई कि आएँ तो कह देना कि मैं चंद रोज़ के लिए अपनी माँ के पास रामनगर जा रही हूँ।

शाम को रहीम ख़ाँ बैलों को लिए वापस आया तो पड़ोसन ने डरते-डरते बताया कि उसकी बीवी अपनी माँ के हाँ चंद रोज़ के लिए गयी है। रहीम ख़ाँ ने ख़िलाफ़ मा’मूल ख़ामोशी से बात सुनी और बैल बाँधने चला गया। उसको यक़ीन था कि उसकी बीवी अब कभी न आएगी।

अहाते में बैल बाँध कर झोंपड़े के अंदर गया तो एक बिल्ली म्याऊँ-म्याऊँ कर रही थी। कोई और नज़र न आया तो उसकी ही दुम पकड़ कर दरवाज़े से बाहर फेंक दिया। चूल्हे को जा कर देखा तो ठंडा पड़ा हुआ था। आग जला कर रोटी कौन डालता। बग़ैर कुछ खाए-पिए ही पड़ कर सो रहा।

अगले दिन रहीम ख़ाँ जब सो कर उठा तो दिन चढ़ चुका था। लेकिन आज उसे खेत पर जाने की जल्दी न थी। बकरियों का दूध दूह कर पिया और हुक़्क़ा भर कर पलंग पर बैठ गया। अब झोंपड़े में धूप भर आई थी। एक कोने में देखा तो जाले लगे हुए थे। सोचा कि लाओ सफ़ाई ही कर डालूँ। एक बाँस में कपड़ा बाँध कर जाले उतार रहा था कि खपरैल में अबाबीलों का एक घोंसला नज़र आया। दो अबाबीलें कभी अंदर जाती थीं कभी बाहर आती थीं। पहले उसने इरादा किया कि बाँस से घोंसला तोड़ डाले। फिर मा’लूम नहीं क्या सोचा। एक घड़ौंची ला कर उस पर चढ़ा और घोंसले में झाँक कर देखा। अंदर दो लाल बूटी से बच्चे पड़े चूँ-चूँ कर रहे थे। और उनके माँ बाप अपनी औलाद की हिफ़ाज़त के लिए उसके सर पर मंडला रहे थे। घोंसले की तरफ़ उसने हाथ बढ़ाया ही था कि मादा अबाबील अपनी चोंच से उस पर हमला-आवर हुई।

“अरी, आँख फोड़ेगी”, उसने अपना ख़ौफ़नाक क़हक़हा मार कर कहा। और घड़ौंची पर से उतर आया। अबाबीलों का घोंसला सलामत रहा।

अगले दिन से उसने फिर खेत पर जाना शुरू' कर दिया। गाँव वालों में से अब भी कोई उससे बात न करता था। दिन-भर हल चलाता, पानी देता या खेती काटता। लेकिन शाम को सूरज छिपने से कुछ पहले ही घर आ जाता। हुक़्क़ा भर कर पलंग के पास लेट कर अबाबीलों के घोंसले की सैर देखता रहता। अब दोनों बच्चे भी उड़ने के क़ाबिल हो गए थे।

उसने उन दोनों के नाम अपने बच्चों के नाम पर नूरो और बिंदू रख दिए थे। अब दुनिया में उसके दोस्त ये चार अबाबील ही रह गए थे। लेकिन उनको ये हैरत ज़रूर थी कि मुद्दत से किसी ने उसको अपने बैलों को मारते न देखा था। नत्थू और छद्दू ख़ुश थे। उनकी कमरों पर से ज़ख़्मों के निशान भी तक़रीबन ग़ाइब हो गए थे।

रहीम ख़ाँ एक दिन खेत से ज़रा सवेरे चला आ रहा था कि चंद बच्चे सड़क पर कुंडी खेलते हुए मिले। उसको देखना था कि सब अपने जूते छोड़कर भाग गए। वो कहता ही रहा, “अरे मैं कोई मारता थोड़ा ही हूँ।” आसमान पर बादल छाए हुए थे। जल्दी जल्दी बैलों को हाँकता हुआ घर लाया। उनको बाँधा ही था कि बादल ज़ोर से गरजा और और बारिश शुरू' हो गई।

अंदर आ कर किवाड़ बंद किए और चराग़ जला कर उजाला किया। हस्ब-ए-मा’मूल बासी रोटी के टुकड़े कर के अबाबीलों के घोंसले के क़रीब एक ताक़ में डाल दिए। “अरे ओ बिंदू। अरे ओ नूरो” पुकारा मगर वो न निकले। घोंसले में जो झाँका तो चारों अपने परों में सर दिए सहमे बैठे थे। ऐ'न जिस जगह छत में घोंसला था वहाँ एक सूराख़ था और बारिश का पानी टपक रहा था।

अगर कुछ देर ये पानी इस तरह ही आता रहा तो घोंसला तबाह हो जाएगा और अबाबीलें बे-चारी बे-घर हो जाएँगी। ये सोच कर उसने किवाड़ खोले और मूसलाधार बारिश में सीढ़ी लगा कर छत पर चढ़ गया। जब तक मिट्टी डाल कर सूराख़ को बंद कर के वो उतरा तो शराबोर था। पलंग पर जा कर बैठा तो कई छींकें आईं। मगर उसने परवाह न की और गीले कपड़ों को निचोड़ चादर ओढ़ कर सो गया। अगले दिन सुब्ह को उठा तो तमाम बदन में दर्द और सख़्त बुख़ार था। कौन हाल पूछता और कौन दवा लाता। दो दिन उसी हालत में पड़ा रहा।

जब दो दिन उसको खेत पर जाते हुए न देखा तो गाँव वालो को तशवीश हुई। कालू ज़ैलदार और कई किसान शाम को उसके झोंपड़े में देखने आए। झाँक कर देखा तो पलंग पर पड़ा आप ही आप बातें कर रहा था, “अरे बिंदू। अरे नूरू। कहाँ मर गए। आज तुम्हें कौन खाना देगा।” चंद अबाबीलें कमरे में फड़फड़ा रही थीं।

“बेचारा पागल हो गया है।” कालू ज़मींदार ने सर हिला कर कहा। “सुब्ह को शिफ़ा-ख़ाने वालों को पता देंगे कि पागलख़ाने भिजवा दें।”

अगले दिन सुब्ह को जब उसके पड़ोसी शिफ़ाख़ाने वालों को लेकर आए और उसके झोंपड़े का दरवाज़ा खोला तो वो मर चुका था। उसकी पाएँती चार अबाबीलें सर झुकाए ख़ामोश बैठी थीं।

Khwaja Ahmad Abbas
About the poet

Khwaja Ahmad Abbas

Khwaja Ahmad Abbas (7 June 1914 – 1 June 1987) also known as K. A. Abbas, was an Indian film director, screenwriter, novelist, and a journalist in the Urdu, Hindi and English languages. He won four National Film Awards in India, and internationally his films…

View profile & all 6 Poems / Stories

More from Khwaja Ahmad Abbas

  1. Quotes

    अदब की तख़्लीक़ के तीन मुहर्रिक हो सकते हैं। लिखने वाले की अपनी इन्फ़िरादियत और ख़ुदी, उसके अपने जज़्बाती तजुर्बात-ओ-हादिसात और उसका समाजी, इक़्तिसादी और सियासी माहौल।काम किसी ग़रज़ से नहीं किया जाता। इन्सान काम से अपनी पैदाइश का मक़सद पूरा करता है।

    12.6K reads
  2. मेरी मौत

    लोग समझते हैं कि सरदार-जी मारे गए। नहीं। यह मेरी मौत है। पुराने मैं की मौत। मेरे तअ'स्सुबात की मौत। उस मुनाफ़रत की मौत जो मेरे दिल में थी। मेरी यह मौत कैसे हुई? यह बताने के लिए मुझे अपने पुराने मुर्दा मैं को ज़िंदा करना पड़ेगा। मेरा नाम शैख़ बुरहान-उद्दीन है।जब दिल्ली और नई दिल्ली में फ़िर्का-वाराना क़त्ल-ओ-ग़ारत का बाज़ार गर्म और मुसलमानों का ख़ून सस्ता हो गया तो मैंने सोचा वाह-री क़िस्मत, पड़ोसी भी मिला तो सिख। हक़-ए-हम-साएगी अदा करना और जान बचाना तो कुजा, न जाने कब किरपाण भौंक दे।

    13.0K reads
  3. एक लड़की

    (इस कहानी में कोई कैरेक्टर क़त'ई फ़र्ज़ी नहीं है।)(1)

    13.0K reads
  4. नीली साड़ी

    बंबई: चौंतीस कमउमर लड़कियां तीन क़हबाख़ानों में से पिछले हफ़्ते बरामद की गईं। उनमें से तीन के चेहरे को ईज़ा पहुंचाने के लिए तेज़ाब से जला दिया गया था। पुलिस ने पाँच औरतों को रंडीख़ानों को चलाने और तवाइफ़ों की आमदनी पर रहने के जुर्म में गिरफ़्तार कर लिया है। (एक ख़बर)हुज़ूर। मैं सच कहूँगी, सब सच कहूँगी और सच के सिवा कुछ न कहूँगी। मगर वक़्त है आपके पास और आपके समाज के पास मेरी बातें सुनने के लिए?

    13.4K reads
  5. आज के लैला मजनूँ

    एक थी लैला, एक था मजनूँ। मगर लैला का नाम लैला नहीं था, लिली था, लिली डी सूज़ा।वो दोनों और उनके क़बीले सहरा-ए-अरब में नहीं रहते थे। माहिम और बांद्रा के बीच में सड़क के नीचे और खारी पानी की खाड़ी के किनारे जो झोंपड़ियों की बस्ती है वहाँ रहते थे। मगर सहरा-ए-अरब की तरह इस बस्ती में भी पानी की कमी थी। डेढ़ सौ झोंपड़ियों में जो सात सौ मर्द, औरतें और बच्चे रहते थे। इन सब के लिए मीठे पानी का सिर्फ़ एक नल था और इस नल में सिर्फ़ दो घंटे सुब्ह और दो घंटे शाम को पानी आता था। एक कनस्तर या एक घड़ा पानी लेने के लिए कई कई घंटे पहले से लाईन लगानी पड़ती थी।

    12.9K reads

More Poetry & Stories You May Like

उसने मिट्टी को छुआ भर था - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीदर्द औरों का हम - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीमुनव्वर राना के शेरअब जुदाई के सफ़र को मिरे आसान करोतुम मुझे ख़्वाब में आ कर न परेशान करो— मुनव्वर रानाये सर-बुलंद होते ही शाने से कट गयाये सर-बुलंद होते ही शाने से कट गयामैं मोहतरम हुआ तो ज़माने से कट गया— मुनव्वर रानाकुछ नहीं चाहने वाली लड़कीसोलह की यह लड़की दो-तीन साल पहले तकपेड़-पौधों पर रखती थी पाँव— ऐश्वर्य राजप्रतिज्ञाप्रतिज्ञाएँ बहा दो पानी में लड़कीप्रतिज्ञाएँ बहाओ पानी में;— बीरेंद्र चट्टोपाध्याय