सफल नागरिक - कात्यायनी

Katyayaniकात्यायनी9 May 1959

4 min read · 12.4K reads

दुनिया में जब घटती होती हैं रोज़-रोज़
तमाम चीज़ें – मसलन मँहगाई, भूख,
भ्रष्टाचार, ग़रीबी, तरह-तरह के अन्या‍य
और अत्या‍चार और लूट और युद्ध और नरसंहार,
तो हम दोनों हाथ फैलाकर कहते हैं —

‘हम भला और क्या कर सकते हैं
कुछ सवाल उठाने और कुछ शिकायतें
दर्ज़ करते रहने के अलावा !’

इस तरह हम धीरे-धीरे चीज़ों के
बद से बदतर होते जाने को देखने
और इन्तज़ार करने के आदी हो जाते हैं ।

इस तरह क्रूरता हमारे भीतर
प्रवेश करती है और फिर
अपना एक मज़बूत घर बनाती है ।

इस तरह हम
सबसे अधिक क्रूर लोगों के शासन में
जीने लायक एक दुनिया बनाते हैं
और सफल और शान्तिप्रिय, नागरिक बन जाते हैं

और हममें से कुछ लोग
बड़े कवि बन जाते हैं ।

(05 सितम्बर 2019)
Katyayani
About the poet

Katyayani कात्यायनी

कात्यायनी जन्मः 9 मई 1959; गोरखपुर। विगत पन्द्रह वर्षों के दौरान कुछ समय तक अंशकालिक पत्रकारिता और फिर स्वतन्त्र लेखन। सांस्कृतिक-राजनीतिक और नारी मोर्चे पर सक्रियता। कविताएँ हिन्दी की अधिकांश पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित। कुछ कविताएँ अंग्रेज़ी, पंजाबी और मराठ…

View profile & all 46 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like