पिंजड़े का द्वार खोल देना - कंवल भारती

कंवल भारतीकंवल भारती

6 min read · 12.4K reads

शायद ऐसा हो कि तुम्हारे हृदय में
धधकी हो कोई ज्वाला
भस्म करने की वर्जनाएँ
कि तभी कोई बदली मर्यादा की
बरस गयी होगी
और तुम्हारा अन्तर्मन शीतल हो गया होगा

शायद ऐसा हो
की तुम्हरी अनुभूति अचानक हो गयी हो मार्मिक
पढ़ या सुनकर कोई दलित हत्याकांड
पीड़ित मनुष्यता का पक्ष
तुम्हारी चेतना का बन गया हो केन्द्र-बिन्दु
कि तभी कोई टुकड़ा सुख
जगा गया होगा परम्परा-बोध
और तुम्हारी शिराओं में रक्त थम गया होगा
शायद ऐसा हो कि मन्दिर की दीवारों के बीच
तुम्हारी आस्थाएँ विचलित हो गयी हों
पैदा हुआ हो स्थापना का अस्वीकार
कि तभी अनास्था का कोई अज्ञात भय
समा गया होगा तुम्हारे अन्तस में
और जन्मते ही मर गये होंगे विद्रोह के स्वर
शायद ऐसा हो कि तुम्हारी अन्तरात्मा ने
पिंजड़े में फड़फड़ाते पक्षी की वेदना को समझा हो
खोलना चाहा हो उसकी मुक्ति का द्वार
कि तभी किसी वृद्ध सदस्य ने कहा होगा—
यह पिंजड़ा ख़ानदानी है
बरसों-बरस से हमारे सम्मान का प्रतीक है
और तुम्हारी अन्तरात्मा सलीब पर टंग गयी होगी
प्रतिष्ठा के प्रश्न पर।

इस शायद और तभी के बीच कोई भावना
बुलबुले की नियति जीती है
प्रतिरोधों से अविचलित
कोई व्यक्ति-चेतना
यदि जन्म ले तुम्हारे भीतर
तो तुम सिर्फ़ इतना करना
पिंजड़े का द्वार खोल देना।
कंवल भारती
About the poet

कंवल भारती

View profile & all 4 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like