शापित कमलों का आत्म-मंथन - कन्हैयालाल नंदन

Kanhaya nandanकन्हैयालाल नंदन1 Jul 1933 – 25 Sept 2010

4 min read · 12.4K reads

गंध की पंखुरियों पर
बूँदों का पहरा
अंतर का तरलायित दर्द
बिखर
ठहरा।
झिलमिल-सी ज़िंदगी है ये ठहरा जल
सत्य के झरोखों से
झाँक रहा छल।

इंद्रधनुष-सा भविष्य
दे दिया जनम ने।
आलस के बीच-मंत्र
सिद्ध किए
हमने।
शेखियाँ बघारते गई उमर निकल,
ललक रहे बोये बिन
काटने फसल।

चटख-चटख रंगों में
ज़िंदगी नई।
मुट्ठी भर रोशनी
सही नहीं गई,
लंगड़ाती ताबों का अगुआ
हर दल।
आस के धुँधलकों की
धारा अविरल।

मुट्ठियाँ हवाओं में
तान-तान सोचा
हाय कुछ न आया
तो खालीपन नोचा।
सिसिफस का शाप जिया करते
हर पल!
इसी तरह मुरझ गए
शतदली कमल!
Kanhaya nandan
About the poet

Kanhaya nandan कन्हैयालाल नंदन

डाक्टर कन्हैयालाल नंदन (१ जुलाई १९३३ - २५ सितम्बर १०१०) हिन्दी के वरिष्ठ पत्रकार, साहित्यकार, मंचीय कवि और गीतकार थे। पराग, सारिका और दिनमान जैसी पत्रिकाओं में बतौर संपादक अपनी छाप छोड़ने वाले नंदन ने कई किताबें भी लिखीं। कन्हैयालाल नंदन को भारत सरकार के पद्म…

View profile & all 38 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like