मुस्कान तो है - कमलेश द्विवेदी

कमलेश द्विवेदीकमलेश द्विवेदी25 Sept 1960 – 17 Sept 2021

3 min read · 12.4K reads

होठों पर मुस्कान तो है.
जीने का अरमान तो है.

आलीशान भले ना हो,
अपना एक मकान तो है.

माना वो भगवान नहीं,
पर अच्छा इन्सान तो है.

कल ग़ुल भी आ जायेंगे,
घर में इक गुलदान तो है.

दूर भले है तुझसे वो,
रखता तेरा ध्यान तो है.

बाहर दिखता हो या नहीं,
भीतर इक तूफान तो है.

छोड़ो चिंता खिड़की की,
खोलो रौशनदान तो है.

क्या है अच्छा और बुरा,
तुमको इसका ज्ञान तो है.

क़र्ज़ न हो सर पर तो क्या,
बेटी एक जवान तो है.

कैसा भी हो पर रिश्ता,
दोनों के दरम्यान तो है.
कमलेश द्विवेदी
About the poet

कमलेश द्विवेदी

View profile & all 176 Poems / Stories