जाड़े का मौसम - कमलेश द्विवेदी

कमलेश द्विवेदीकमलेश द्विवेदी25 Sept 1960 – 17 Sept 2021

4 min read · 12.4K reads

इतना अधिक अखरता है क्यों जाड़े का मौसम।

स्वेटर पर स्वेटर है फिर भी,
लगती है सर्दी।
सही न जाती है मौसम की,
यह गुंडागर्दी।
हमें सताया करता है क्यों जाड़े का मौसम।
इतना अधिक अखरता है क्यों जाड़े का मौसम।

खेल-कूद सब बंद, निकलना
घर से है दुष्कर।
अर्धवार्षिक इम्तिहान भी,
आ पहुँचे सिर पर।
बच्चों का सुख हरता है क्यों जाड़े का मौसम।
इतना अधिक अखरता है क्यों जाड़े का मौसम।

अच्छा लगता बहुत-रजाई,
में दुबके रहना।
गरम-गरम हो चाय-पकौड़ी,
तो फिर क्या कहना।
तेज़ धूप से डरता है क्यों जाड़े का मौसम।
इतना अधिक अखरता है क्यों जाड़े का मौसम।
कमलेश द्विवेदी
About the poet

कमलेश द्विवेदी

View profile & all 176 Poems / Stories