बन्दर वाला - कमलेश द्विवेदी

कमलेश द्विवेदीकमलेश द्विवेदी25 Sept 1960 – 17 Sept 2021

4 min read · 12.4K reads

बन्दर वाला-बन्दर वाला खेल दिखाता ख़ूब निराला।
 
उछल-उछलकर बन्दर मामा,
सबका मन बहलाते हैं।
जाते हैं ससुराल आज वो,
फ़िल्मी गाना गाते हैं।
पहने हैं वह सूट सफारी आँखों पर है चश्मा काला।
बन्दर वाला-बन्दर वाला खेल दिखाता ख़ूब निराला।

लहँगा-चुन्नी पहन बँदरिया,
छम-छम नाच दिखाती है।
बन्दर मामा कि खातिर वो,
चाय-नाश्ता लाती है।
फिर कहती-क्या मेरी खातिर लाये कंगन-नथनी-बाला।
बन्दर वाला-बन्दर वाला खेल दिखाता ख़ूब निराला।

बन्दर मामा कहते-सुन लो,
तुम्हें लिवाने आया हूँ।
मेरे सँग चुपचाप चलो तुम,
वरना डंडा लाया हूँ।
चल देती है तुरत बँदरिया बिना किये कुछ गड़बड़झाला।
बन्दर वाला-बन्दर वाला खेल दिखाता ख़ूब निराला।
कमलेश द्विवेदी
About the poet

कमलेश द्विवेदी

View profile & all 176 Poems / Stories