अब मौसम है छुट्टी का - कमलेश द्विवेदी

कमलेश द्विवेदीकमलेश द्विवेदी25 Sept 1960 – 17 Sept 2021

4 min read · 12.4K reads

आओ झूमें-नाचें-गायें अब मौसम है छुट्टी का।
चाहें जितनी मौज उड़ायें अब मौसम है छुट्टी का।

सुबह नहीं अब जल्दी उठना,
और न जाना है स्कूल।
डाँट-डपट सब टीचर जी की,
अब हम जायें बिलकुल भूल।
चाहें जैसे समय बितायें अब मौसम है छुट्टी का।
आओ झूमें-नाचें-गायें अब मौसम है छुट्टी का।

लूडो-कैरम-टेबल टेनिस,
खेलें चाहें जितने खेल।
कोई नहीं कहेगा हमसे-
नहीं पढोगे, होगे फेल।
चाहें जितनी धूम मचायें अब मौसम है छुट्टी का।
आओ झूमें-नाचें-गायें अब मौसम है छुट्टी का।

खूब मौज-मस्ती है करनी,
जब तक ख़त्म न होता जून।
अब चाहें हम शिमला जायें,
चाहें जायें देहरादून।
चाहें जहाँ घूमने जायें अब मौसम है छुट्टी का।
आओ झूमें-नाचें-गायें अब मौसम है छुट्टी का।
कमलेश द्विवेदी
About the poet

कमलेश द्विवेदी

View profile & all 176 Poems / Stories