ख़ुशामद का मिरे होठों पे, अफ़साना नहीं आया - जितेन्द्र जौहर

जितेन्द्र जौहरजितेन्द्र जौहर20 Sept 1971

4 min read · 12.4K reads

ख़ुशामद का मिरे होठों पे, अफ़साना नहीं आया।
मुझे सच को कभी भी झूठ बतलाना नहीं आया।

कहीं गिरवी नहीं रक्खा, हुनर अपना कभी मैंने,
इसी कारण मेरी झोली में नज़राना नहीं आया।

भले ही मुफ़लिसी के दौर में फ़ाक़े किये मैंने,
मगर मुझको कभी भी हाथ फैलाना नहीं आया।

किसी अवरोध के आगे, कभी घुटने नहीं टेके,
मैं दरिया हूँ मुझे राहों में रुक जाना नहीं आया।

सियासत की घटाएँ तो बरसती हैं समुन्दर में,
उन्हें प्यासी ज़मीं पे प्यार बरसाना नहीं आया।

परिन्दे चार दाने भी, ख़ुशी से बाँट लेते हैं,
मगर इंसान को मिल-बाँट के खाना नहीं आया।

अनेकों राहतें बरसीं, हज़ारों बार धरती पर,
ग़रीबी की हथेली पर कोई दाना नहीं आया।

सरे-बाज़ार उसकी आबरू लु्टती रही ‘जौहर’
मदद के वास्ते लेकिन कभी थाना नहीं आया।
जितेन्द्र जौहर
About the poet

जितेन्द्र जौहर

जन्म : 20 जुलाई 1971, छिबरामऊ, कन्नौज(उ.प्र.) भाषा : हिन्दी, अंग्रेज़ी, संस्कृत, भोजपुरी, उर्दू, पंजाबी सम्मान : अ.भा.वैश्य महासभा द्वारा ‘रजत-प्रतिमा’ से सम्मानित

View profile & all 16 Poems / Stories

More from जितेन्द्र जौहर

  1. बेटे की विदाई - जितेन्द्र जौहर

    अम्मा ने आटे के नौ-दस, लड्डू बाँध दिये;बोलीं- ‘रस्ते में खा लेना, लम्बी दूरी है।’

    12.4K reads
  2. अम्मा: दुर्दशा के दृश्य - जितेन्द्र जौहर

    रोज़ी-रोटी मिली शहर में, कुनवा ले आया।बड़ी बहू को रास न आया, अम्मा का साया।

    12.4K reads
  3. बँटवारा : कुछ दृश्य - जितेन्द्र जौहर

    बेटों ने आँगन में इक, दीवार खड़ी कर दी;पिता बहुत हैरान, उधर महतारी सिसक रही!

    12.4K reads
  4. हमारा दौर : कुछ चित्र - जितेन्द्र जौहर

    काल-वक्ष पर टाँक रहे हो, कायरता के मंज़र जैसे!बाहर से हलचलविहीन पर, भीतर एक बवंडर जैसे!

    12.4K reads
  5. उलझा हुआ सवेरा है - जितेन्द्र जौहर

    आज निराशाओं ने डाला, द्वार-द्वार पर डेरा है।देव! नवल आलोक जगा दो, छाया घोर अँधेरा है।

    12.4K reads