तुम्हारे इल्म की हाक़िम कोई तो थाह हो - इष्टदेव सांकृत्यायन

इष्टदेव सांकृत्यायनइष्टदेव सांकृत्यायन30 Sept 1971

4 min read · 12.4K reads

तुम्हारे इल्म की हाक़िम कोई तो थाह हो ।
कोई एक तो बताओ, यह कि वह राह हो ।

जेब देखते हैं सब स्याह हो कि हो सफ़ेद,
कौन पूछता है अब चोर हो या साह हो ।

अँगूर क्या मकोय तक हो गए खट्टे यहाँ,
सोच में है कलुआ अब किस तरह निबाह हो ।

दर्द सिर्फ़ रिस रहा हो जिसके रोम-रोम से,
उस थके मजूर को क्या किसी की चाह हो ।

दिखो कुछ, कहो कुछ, सुनो कुछ, करो और कुछ,
तुम्हीं बताओ तुमसे किस तरह सलाह हो ।

की नहीं बारिशों से कभी मोहलत की गुज़ारिश,
निकले तो बस निकल पड़े भले पूस माह हो ।

मत बनो सुकरात कि सिर क़लम हो जाएगा,
अदा से फ़ालतू बातें करो, वाह-वाह हो ।
इष्टदेव सांकृत्यायन
About the poet

इष्टदेव सांकृत्यायन

View profile & all 3 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like