सुनाऊँ तुम्हें बात इक रात की
कि वो रात अँधेरी थी बरसात की
चमकने से जुगनू के था इक समाँ
हवा पर उड़ीं जैसे चिंगारियाँ
पड़ी एक बच्चे की उन पे नज़र
पकड़ ही लिया एक को दौड़ कर
चमकदार कीड़ा जो भाया उसे
तो टोपी में झट-पट छुपाया उसे
वो झम झम चमकता इधर से उधर
फिरा कोई रस्ता न पाया मगर
तो ग़मगीन क़ैदी ने की इल्तिजा
जुगनू
ऐ छोटे शिकारी मुझे कर रिहा
ख़ुदा के लिए तू मुझे छोड़ दे
मेरी क़ैद के जाल को तोड़ दे
बच्चा
करूँगा न आज़ाद उस वक़्त तक
कि मैं देख लूँ दिन में तेरी चमक
जुगनू
चमक मेरी दिन में न देखोगे तुम
उजाले में हो जाएगी वो तो गुम
बच्चा
अरे छोटे कीड़े न दे दम मुझे
कि है वाक़फ़िय्यत अभी कम तुझे
उजाले में दिन के खुलेगा कमाल
कि इतने से कीड़े में क्या है कमाल
धुआँ है न शो'ला न गर्मी न आँच
चमकने की तेरे करूँगा मैं जाँच
जुगनू
ये क़ुदरत की कारीगरी है जनाब
कि ज़र्रा को चमकाए जूँ आफ़्ताब
मुझे दी है इस वास्ते ये चमक
कि तुम देख कर मुझ को जाओ ठिठक
न अल्हड़-पने से करो पाएमाल
सँभल कर चलो आदमी की सी चाल








