ताक़ में कौन रख गया एक दिया और एक फूल
ध्यान में फिर से जल उठा एक दिया और एक फूल
मेरे तुम्हारे दरमियाँ क़तरा-ए-अश्क राएगाँ
पिछली रुतों का सानेहा एक दिया और एक फूल
ख़्वाब ही ख़्वाब में कटी उम्र तमाम जल बुझी
तेरा कहा मिरा सुना एक दिया और एक फूल
शाम-ए-फ़िराक़ की क़सम और तो कुछ न पास था
तेरे लिए बचा लिया एक दिया और एक फूल
बाम-ए-मुराद तक मिरे हाथ न जा सके मगर
देर तलक जला किया एक दिया और एक फूल
तेरी उदास आँख से मेरे ख़मोश होंट तक
हर्फ़-ए-विसाल क्या हुआ एक दिया और एक फूल
जश्न की रात जब तिरे नाम पे लोग चुप से थे
मैं ने यूँही उठा लिया एक दिया और एक फूल








