जिन्हें कि उम्र भर सुहाग की दुआएँ दी गईं

इशरत आफ़रींइशरत आफ़रीं25 Dec 1956

1 min read · 12.4K reads

जिन्हें कि उम्र भर सुहाग की दुआएँ दी गईं

सुना है अपनी चूड़ियाँ ही पीस कर वो पी गईं

बहुत है ये रिवायतों का ज़हर सारी उम्र को

जो तल्ख़ियाँ हमारे आँचलों में बाँध दी गईं

कभी न ऐसी फ़स्ल मेरे गाँव में हुई कि जब

कुसुम के बदले चुनरियाँ गुलाब से रंगी गईं

वो जिन के पैरहन की ख़ुशबुएँ हवा पे क़र्ज़ थीं

रुतों की वो उदास शाहज़ादियाँ चली गईं

उन उँगलियों को चूमना भी बिदअ'तें शुमार हों

वो जिन से ख़ाक पर नुमू की आयतें लिखी गईं

सरों का ये लगान अब के फ़स्ल कौन ले गया

ये किस की खेतियाँ थीं और किस को सौंप दी गईं

इशरत आफ़रीं
About the poet

इशरत आफ़रीं

जन्म : 25 Dec 1956 | कराची, सिंध

View profile & all 73 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like