हवाएँ जब घंटियाँ बजाएँ तो लौट आना
किसी की आँखें दिए जलाएँ तो लौट आना
बहुत दिनों तक ये मौसम-ए-गुल नहीं रहेगा
जो शाख़-ए-जाँ पर गुलाब आएँ तो लौट आना
हवा दरख़्तों से जब गले मिल के रो रही हो
परिंद लम्बे सफ़र पे जाएँ तो लौट आना
जो ज़िद पे आ जाए दिल तो उस की भी मान लेना
पुरानी यादें बहुत सताएँ तो लौट आना
फ़िराक़ की आग चाट जाती है जिस्म-ओ-जाँ को
जो सुन सको वक़्त की सदाएँ तो लौट आना








