एक ग़ैर अहम फ़र्द के लिए - नज़्म

इशरत आफ़रींइशरत आफ़रीं25 Dec 1956

1 min read · 12.4K reads

मासी दही बिलोना

ख़ाली नाँद की बासी ख़ुशबू

सूना बाड़ा

भूकी गाय

तुम्हें बुलाती है

मैली ओढ़नी और सुतली के झूले में सोया हुआ पोता जाग उठा है

और अपने मख़्सूस राग में

रें रें करता है

गहरी नींद में सोई हुई तुम्हारी नूँ

जाग उठी तो चिल्लाएगी

चूल्हा अब तक ठंडा है

उपले ओस में भीग रहे हैं

उन्हें उठाओ ना मासी

दही बिलोना

छप्पर पर फैली हुई तोरी की बेलों में

बतिया आनी शुरूअ' हुई है

पिछवाड़े से

चौलाई का साग कुपट कर लाओ नाँ

मासी दही बिलोना

बेटा खेत से आता होगा

अभी बहू चिल्लाएगी

देखो सूरज

कच्ची दीवारों के पीछे झाँक रहा है

आज दिया क्या सारी रात जलाया था

दिए में क़तरा तेल नहीं है

अब क्या होगा

अभी बहू चिल्लाएगी

थोड़ी धूप उतर आई है

आधी चटाई कल बिन ली थी

नई मूंज कल रात ही लड़का लाया है

अच्छी मूंज है

इस से हथेली कम छिलती है

पोरें कम ज़ख़्मी होती हैं

आधी चटाई बाक़ी है

उट्ठो मासी मूंज रंगो

अभी बहू चिल्लाएगी

पूरी धूप उतर आई है

काँटे चुनने ईंधन लाने जंगल भी तो जाना है

बकरी की पेवसी जो रात जमाई थी

वो बेटी के घर कब भेजोगी

मासी तुम्हारे होंट भिंचे हुए क्यों हैं

खोखले सीने पोपले मुँह की धोंकनी आख़िर बंद है क्यों

ख़ुफ़िया जेब की निचली तह में

छिपी हुई इक उम्र की पूँजी

दस का पत्ता

गला हुआ बद-रंग सा काग़ज़

जिस के लिए तुम्हारी नूँ

सूखा मास खखोड़ रही है

मासी अब उठ जाओ ना

मासी दही बिलोना

ख़ाली नाँद की बासी ख़ुशबू

सूना बाड़ा

भूकी गाय

तुम्हें बुलाती है

इशरत आफ़रीं
About the poet

इशरत आफ़रीं

जन्म : 25 Dec 1956 | कराची, सिंध

View profile & all 73 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like