धूप उठा ली मैं ने अपने हिस्से की

इशरत आफ़रींइशरत आफ़रीं25 Dec 1956

1 min read · 12.4K reads

धूप उठा ली मैं ने अपने हिस्से की

भर ली थाली मैं ने अपने हिस्से की

उस की आँखों में ख़्वाबों का जंगल था

नींद चुरा ली मैं ने अपने हिस्से की

जब भी अंधेरा होते देखा बस्ती में

आग जला ली मैं ने अपने हिस्से की

उस के हिस्से का जीवन तो दान किया

उम्र बचा ली मैं ने अपने हिस्से की

मसनद पर झगड़ा था लो ये मसनद भी

कर दी ख़ाली मैं ने अपने हिस्से की

भीड़ बहुत थी बने-बनाए रस्तों में

राह निकाली मैं ने अपने हिस्से की

कर रक्खी है आने वाले दिनों के नाम

रुत हरियाली मैं ने अपने हिस्से की

इशरत आफ़रीं
About the poet

इशरत आफ़रीं

जन्म : 25 Dec 1956 | कराची, सिंध

View profile & all 73 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like