मैं कब की मिट चुकी हूँ
रात के काले कमल में
ये जो ऊपर दीखता है
वह है :
आँखें मूँदते-मूँदते
मेरी आँखों से ढला हुआ चंद्रबिंदु;
जिस पर
तुम्हारे आसमानी नयन उभरे हैं।
मैं कब की जल चुकी हूँ
दिन की सफ़ेद आग में,
ये जो ऊपर दीखता है
वह है :
मेरे हाथों का स्वर्ण कंकण;
जिस पर तुम्हारे हाथों की
चमकदार जिल्द चढ़ी है।
मैं कब की डूब चुकी हूँ
अनस्तित्व के जलधि में,
ये जो ऊपर दीखता है
वह है :
मेरी चँदेरी साड़ी का आँचल;
जिस पर
तुम्हारे हाथ में लगे चूने की
काली लकीर उभरी है।








