एक शौक़ था मुझे :
राह बनाते
घने जंगलों फिरते रहना,
पवन नापते
गिरि-शृंगों पर चढ़ते रहना,
मगर आज वह
शेष रहा बस
तसवीरों में दीवारों पर।
एक शौक़ था मुझे
निर्निमेष देखते रहना
पक्षी जहाज़ का,
लहरों पर झूलने का,
मगर आज वह
शेष रहा बस
स्मृति के काँचों में।
आज मुझे है शौक़ एक ही
बस अँधियारे का,
आँख मूँदकर
अंधकार के बिंदु सदृश
अंधकार में ही घुलने का।








