आधा कुत्ता ज़ंजीर में सो रहा है
और बाक़ी आधा सड़क पर भौंक रहा है
आधा कुत्ता, शहर का शरीफ़ नागरिक
और आधा जंगली
पूँछ आधी है ज़िद्दी, खूँटी पुरानी
और आधी लय सुरीली बाँसुरी है
जंगलों में खुले, झाड़-झंखाड़ हैं
और आकाश में उड़ती सीमाएँ
घोरनी, खंदक, स्वतंत्र शीत लू
पट्टे में ओट है
सुरक्षित चौहद्दी है
और ज़ंजीर दो मंज़िला है
आधा कुत्ता ज़ंजीर में सो रहा है
दरअसल शहर की हर सड़क ज़ंजीर है
जिसे शांत हरेक पालतू कोठी
पट्टा डालकर पकड़ी है
ज़ंजीर की तर्ज पर चलती है
हर पालतू कोठी
इबादत में खड़ी है
नगर का गूँगा दस्तूर है
कोई आवारा झोंपड़ी
कहीं ज़ंजीर से दूर है
शहर के काव्यशास्त्र में अस्वीकार
शहर कहता है
नगर में उड़ते हैं काग, ओ कवियो!
जिल्द पहनकर पोथी किताब हो जाओ
हे घरों के मानचित्रो
ज़ंजीर की बग़ल में आ के कोठियाँ हो जाओ
नाख़ून संग बँधी सो रही हैं
बाक़ी बैंक के कंप्यूटरों में घूम रही हैं
आधा कुत्ता ज़ंजीर में सो रहा है
और बाक़ी सड़क पर घूम रहा है।








