आगे जीवन दौड़ रहा है

इब्बार रब्बीइब्बार रब्बी2 Sept 1941

1 min read · 12.4K reads

ज़रा ध्यान से

नीचे कोई सो रहा है

एक पूरा आदमी

हमारी ही तरह

चलता था

इसी धरती पर

पूरा का पूरा नीचे।

गीत गाता वह

इमारतें बनाई

बस चलाई

दावतें दीं

दूल्हा बना

कुर्सी छीनी

नहीं बैठा जिस पर

सोया उसी के नीचे।

चाँदनी के फूल

चहकती फ़ाख़्ता

नाचते मोर

टाइल जड़े किसी पर

चारों ओर जाली

मरमर का तकिया

स्मृति का दूह

खंडहर कुछ

जीवन-भर भूखा रहा

भरा-पूरा कैसे हो अंत!

सड़क पर पाँचतारा

आकाशभेदी मंज़िलें

दफ़्तर, कारख़ाने

भीड़भाड़

रौनक़ मेला

रेलमपेल

सत्य है क्या?

झूठ था क़ब्रिस्तान?

मृत्यु और सड़क ने

चाँप लिया जीवन

दानों के बीच फ़ुटपाथ पर मैं

पीछे कोई रौंद रहा है

आगे जीवन दौड़ रहा है।

इब्बार रब्बी
About the poet

इब्बार रब्बी

View profile & all 55 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like