रंगपंचमी

Hemant Deolekarहेमंत देवलेकर

2 min read · 12.9K reads

 

एक

तेरे गालों का ख़ुशबूदार पावडर
और बाज़ू में टिमटिमाता काला टीका
तूझे चूमते वक़्त
मेरे होंठ और नाक पर
छप गया था—
चला आया है साथ में
घर से दफ़्तर तक

तेरा ऑटोग्राफ़ समझकर
सहेजने की कोशिश करूँगा।

शाम तक के लिए
तेरा चेहरा महसूस होता रहेगा
अपने चेहरे में उगा हुआ।

दो

इतनी मीठी...
इतनी मीठी है री तू
कि जब हवाएँ
तेरी परिक्रमा करते हुए
तुझे भँवर में घेर लेती होंगी
तेरी क़सम
जिलेबी बन जाती होंगी

तीन

तेरी चोटी में लगा हुआ
गुलाबी हेयर क्लिप—
जैसे नदी पर बनी
पुलिया है
सुबह
जिस पर से गुज़रती है
और उस पार जाकर
साँझ हो जाती है।

तेरी पाज़ेब—
जैसे दूर-दूर तक फैला हुआ
समंदर का गोल किनारा है
तेरे कूदते-फाँदते पैर
उसमें लहरें उठाते हैं हर पल
और समंदर का गोल किनारा
कभी ख़ामोश नहीं रह पाता
गाता ही रहता है।

तेरे नाक की नथनी—
जैसे दूज के चाँद के चेहरे पर
बिंदिया जैसा लकदकाता
शुक्रतारा
जिसके टिमटिमाने में
सुनाई देता है
सितार पर साँझ के पहर का कोई राग।

चार

सूरज कुछ और नहीं
रेडियम का एक टुकड़ा भर है
जो तेरी आँख खुलते ही जगमगाने लगता है

पाँच

दुनिया के
किसी भी साज़ के
किसी भी सप्तक का
कोई भी सुर
इतना
ठंडा,
भीगा
और चाशनीदार नहीं
जो सुर
तेरी पप्पी में छिपा है।

Hemant Deolekar
About the poet

Hemant Deolekar हेमंत देवलेकर

Born - 11 July 1972 Place of Birth - Ujjain, Madhya Pradesh Some Major Works - The cotton of our age is slowly turning into iron (poem collection) miscellaneous - writing plays while performing जन्म - 11 जुलाई 1972 जन्म - स्थान उज्जैन, मध्य प्रदेश कुछ प्रमुख…

View profile & all 24 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like