न दिया बोसा-ए-लब खा के क़सम भूल गए

हातिम अली मेहरहातिम अली मेहर15 Apr 1815 – 18 Aug 1879

1 min read · 12.4K reads

न दिया बोसा-ए-लब खा के क़सम भूल गए

दे के ऐसी मुझे ए'जाज़ का दम भूल गए

चश्म-ओ-अबरू को तिरे देख के आता है ख़याल

ताक़-ए-किसरा पे यहाँ साग़र-ए-जम भूल गए

ऐ शह-ए-हुस्न ये क़लमें नहीं आरिज़ पे तिरे

कातिबान-ए-ख़त-ए-रुख़्सार क़लम भूल गए

वो भी क्या दिन थे कि 'आशिक़ थे तुम्हारे हम भी

अब तो फ़रियाद-ओ-फ़ुग़ाँ दर्द-ओ-अलम भूल गए

हाए क़िस्मत का लिखा आए तो क़ासिद ये कहे

ख़त तुम्हारे लिए वो कर के रक़म भूल गए

तेरा गुलज़ार है किस बाग़ की मूली बुलबुल

कू-ए-जानाँ में तो हम बाग़-ए-इरम भूल गए

चश्म-ए-बद-दूर वो आँखें हैं तुम्हारी साहब

देख कर चौकड़ी आहू-ए-हरम भूल गए

आप का दोस्त है ये अपनी बग़ल का दुश्मन

याद दिलवाए वहीं दिल ने जो हम भूल गए

ज़ाइक़ा मौत का बस याद दिला देता है

क्या क़यामत है ये कहना तिरा हम भूल गए

मिर्ज़ा महर-ए-मोहब्बत तुम्हें फिर याद आई

दिल पे गुज़री थी जो कुछ रंज-ओ-अलम भूल गए

रह गया याद तुम्हें जौर-ओ-जफ़ा ज़ुल्म-ओ-सितम

लुत्फ़-ओ-अल्ताफ़-ओ-इनायात-ओ-करम भूल गए

का'बा-ए-दिल में बस अब रहती है अल्लाह की याद

रास्ता दैर का हम शक्ल-ए-सनम भूल गए

याद रहती है फ़क़त हम को तिरे कूचा की

वाइ'ज़ों से सुना हाल-ए-इरम भूल गए

याद रखने की ये बातें हैं बजा है सच है

आप भूले न हमें आप को हम भूल गए

दिल से दिल को है अगर राह तो है याद से याद

तुम हमें भूल गए तुम को भी हम भूल गए

बस हमारे ही लिए आप को निस्याँ भी है

कभी ग़ैरों को न साहब कोई दम भूल गए

कूचा-ए-ज़ुल्फ़ में या हल्क़ा-ए-गेसू में तिरे

याद आता है यहीं दिल कहीं हम भूल गए

शेअर-हिन्दी जो सुने 'मेहर' जिगर तफ़्ता के

अपना अंदाज़-ए-फ़सीहान-ए-अजम भूल गए

हातिम अली मेहर
About the poet

हातिम अली मेहर

उपनाम : 'मेहर' मूल नाम : मिर्ज़ा हातिम अ’ली बेग जन्म : 15 Apr 1815 | अलीगढ़, उत्तर प्रदेश निधन : 18 Aug 1879 | एटा, उत्तर प्रदेश मेह्र, मिर्ज़ा हातिम अ’ली बेग (1815-1879)अलीगढ़ (उ॰प्र॰) के थे। मिर्ज़ापुर में मुन्सिफ़ के पद पर रहे। हाईकोर्ट में वकालत भी करते थे। कु…

View profile & all 50 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like