एक पाँव ज़मीन पर
दूसरा अनंत में
तीन लोक चौदह भवन थिरकती है नृत्यांगना
कुंतल से पायल तक अनंत झरने
सुर गति लय
अनगिन मुद्राएँ
असंख्य भावबोध
अभिव्यक्तियों की कई-कई मेहराबें
बनाती है नृत्यांगना
एक लंबी पहाड़-रात को खोदती है अनथक
श्रम-सी
गहरे अँधेरे के सीने में
शरद के कास-सी लहराती है
नृत्यांगना








