यह हमारे कंठों को तर करता था
बच्चे अँजुली सटा कर पीते थे इसे
यह सहस्त्रधार बनकर निथरता था
धरती भीतर जाने कौन से अक्षय कोष से
सरसराता आता था यह पानी
कहाँ से आती थी इसकी शीतलता
कहाँ से मिठास
एक चौड़े पत्थर के ठसपन पर
अनंत मध्यम लय की तरह गिरता था यह
यहीं इसी के पास थकान मिटाते थे घोड़िए
टोपी उतार बालों की जड़ों को तर करते थे उँगलियाँ फेर-फेर
इसी के झरझराते पानी को
हवा में लपकती थीं चिड़ियाँ
इसी के अनवरत प्रवाह में भरी गईं असंख्य गगरियाँ
यहीं पर मुकुट सिराए गए नवयुगलों के
यहीं पर नाचती रहीं सुहागिनें सोलह शृंगार के साथ
परदेस में लड़कों और
ससुराल में लड़कियों के एकांत में
बहता रहा यह
धारे का यह पानी नहीं रहा अब
एक पोस्टकार्ड लाया है ख़बर
अपना एक कोना गँवा कर








