लिख नहीं पाता

हरे प्रकाश उपाध्यायहरे प्रकाश उपाध्याय

1 min read · 12.4K reads

लिख नहीं पाता

वैसे तो टालता हूँ

कि छोड़ो नहीं लिखूँगा

रहा नहीं जाता मगर

और उठाता हूँ क़लम

चलो लिखते हैं…

तो देर तक सूझता ही नहीं कुछ

क्या लिखूँ

लिखता हूँ बड़ी देर पर

कोई टेढ़ा-मेढ़ा शब्द

पारता हूँ आड़ी-तिरछी रेखाएँ

काटता जाता हूँ सब कुछ

बेतरह बरबाद हुआ कितना तो कोरा काग़ज़

पर लिख नहीं पाया

ठीक-ठीक एक भी हर्फ़

कि भेज सकूँ तुम्हें

इतनी मशक्कत के बावजूद

नहीं बचा कुछ भी

बेकार ही बीता समय

लिख नहीं सका कुछ

जो समझ सको तुम

गर भेज दूँ

यह लहूलुहान काग़ज़ तो क्या समझोगी तुम

इसीलिए टालता हूँ

पर कहाँ टालने देती हो तुम

इतनी तो रहती हो सिर पर सवार

उठते बैठते

सोते जागते

पूरी पृथ्वी पर धकियाती हुई

आत्मा की बजाती हुई घंटी

तुम भी क्या तो यक़ीन करोगी

कि रोज़ जो रँगता है

अख़बारों के न जाने कितने

पन्ने के पन्ने

वह इतनी बेक़रारी के बावजूद

लिख नहीं पाता

एक शब्द ही सही तुम्हें!

हरे प्रकाश उपाध्याय
About the poet

हरे प्रकाश उपाध्याय

View profile & all 50 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like