अपमान

हरे प्रकाश उपाध्यायहरे प्रकाश उपाध्याय

1 min read · 12.4K reads

यह महज़ तुम्हारा अपमान नहीं था बंधु

यह विनम्रता और आधुनिकता का पर्याय

बदल देने वाला हमला था

जिसकी चपेट में एक पूरी परंपरा थी

वे चाहते थे

कि वे कहें तो आप हँसे

कहें तो गाएँ

कहें तो आदमी बनें

भले और वक़्त में जानवर बन जाएँ

उन्हें चीज़ों के रोशन होने से खास मतलब नहीं था

उन्हें उतनी ही रोशनी चाहिए थी

जिसमें उनके चेहरे रोशन हों

भले वे नारे समुची दुनिया के पक्ष में लगा रहे थे

मगर एक सामान्य कवि की

इतनी-सी स्वाधीनता से वे आहत हो गए थे

कि उनके कहने पर उसने कविता नहीं पढ़ी थी

वे न जाने नई दुनिया का कौन-सा स्वप्न देख रहे थे

जाने उसमें तानाशाह अगर होता

तो उसकी पहचान जाने क्या होती

यह महज़ तुम्हारा अपमान नहीं था बंधु

यह उनके टुच्चेपन का पर्दाफ़ाश भी था।

हरे प्रकाश उपाध्याय
About the poet

हरे प्रकाश उपाध्याय

View profile & all 50 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like