अच्छी कविताएँ

हरे प्रकाश उपाध्यायहरे प्रकाश उपाध्याय

1 min read · 12.5K reads

बुरे हालात में रहते हैं

मेरे अच्छे कवि-मित्र

अच्छी कविताओं के लिए

बुरी परिस्थितियों में फँसे लोगों के बीच जाते हैं

और शुरू करते है बुराई पर बातचीत

और बुरे दिनों के बारे में सोचते हैं

बुरे वक़्त में

बुराई के विरोध में वे

कविता में प्रतिरोध रचते है

लिखना चाहते हैं अच्छी कविताएँ

और अच्छे लोगों में शामिल हो जाना चाहते हैं

चाहते तो हैं

कि अपने संग-साथ ले चलें

अपने बाबू माई

पड़ोसी भाई

घर दुआर

समय संसार सबको ले चलें

पर अक्सर जब होने लगती है

कविताएँ सफल

और अच्छाइयाँ विफल

कवि मित्र छोड़ने लगते हैं मोह माया

और महज़ अच्छी कविताओं के साथ ही

चल पड़तें हैं अपनी अच्छाई की ओर

जैसे चल देता है बड़ी नौकरी पर लगा कोई बेटा

बीवी के संग परदेस

घर परिवार को अपने हाल पर छोड़

अब इस तरह

मेरे वे कवि-मित्र

बुराई से अच्छी पटरी बिठाते है

और अच्छी कविताओं की

अच्छी रक़म बनाते हैं

हरे प्रकाश उपाध्याय
About the poet

हरे प्रकाश उपाध्याय

View profile & all 50 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like