कौन कहता है आह करता हूँ
ये तो इक दिल में राह करता हूँ
तेरी रहमत का वास्ता या-रब
इर्तिकाब-ए-गुनाह करता हूँ
अपनी हालत पे रश्क आता है
ग़ैर पर जब निगाह करता हूँ
ग़ैर फिर ग़ैर है दग़ा देगा
बार बार इंतिबाह करता हूँ
एक बुत के फ़िराक़ में घुल कर
ज़िंदगानी तबाह करता हूँ
ग़ैर क्या यूँही जान छिड़केगा
जिस तरह मैं निबाह करता हूँ
रहमतें हाथ चूम लेती हैं
जब मैं क़स्द-ए-गुनाह करता हूँ
तंग हूँ राज़दार से 'हाजिर'
तर्क सब रस्म-ओ-राह करता हूँ








