अदाएँ हैं जो उस रश्क-ए-परी में
न ढूँडे से मिलेंगी वो किसी में
न देखी वो किसी की दुश्मनी में
जो आफ़त है तुम्हारी दोस्ती में
तग़ाफ़ुल किस क़दर हिम्मत-शिकन है
नहीं है अब कोई अरमान जी में
तड़पते हैं हज़ारों कुश्ता-ए-ग़म
क़यामत है बपा तेरी गली में
बनावट में वो कैफ़िय्यत कहाँ है
मज़ा है जो तुम्हारी सादगी में
वो कब सुनने लगे हैं शिकवा-ए-ग़म
ख़फ़ा हो जाते हैं जो दिल-लगी में
जुदा जब से हुए हो तुम मिरी जाँ
कमी कुछ आ गई है ज़िंदगी में
वही दिल को बचा सकता है ग़म से
कभी जो ख़ुश नहीं होता ख़ुशी में
बचाना हर बला से ऐ ख़ुदा तू
तिरा ही आसरा है बे-कसी में
जो दिल में बस रहा है कौन है वो
किसे मालूम है ये बे-ख़ुदी में
तुम्हीं को छीनती है मुझ से दुनिया
मिले थे एक तुम ही ज़िंदगी में
न भूलेगी ये सैर-ए-बाग़ 'हाजिर'
किसी को साथ ले कर चाँदनी में








