सर्दियाँ ख़त्म हुईं
और पक्षी घर लौट गए
ज़िंदगी में एक स्वतंत्र असीम आसमान के सिवा जिन्होंने
कभी दूसरी कोई चीज़ न चाही
आख़िर वे भी
पूरी पृथ्वी और पूरा आसमान उड़ने के बाद
अपने घर लौट गए
मैं तुम्हें एक घर की तरह
याद करता हूँ
जब पैरों में घाव
आत्मा में स्मृतियाँ
और आँखों में रात भर आती है
मैं सिर्फ़ तुममें लौटना चाहता हूँ।








