अब के ऐसा दौर बना है - गौतम राजरिशी

गौतम राजऋषिगौतम राजऋषि10 Sept 1975

3 min read · 12.4K reads

अब के ऐसा दौर बना है
हर ग़म काबिले-गौर बना है

उसके कल की पूछ मुझे, जो
आज तिरा सिरमौर बना है

फिर से चाँद को रोटी कहकर
आँगन में दो कौर बना है

बंद न कर दिल के दरवाज़े
ये हम सब का ठौर बना है

इस्कूलों में आए जवानी
बचपन का ये तौर बना है

तेरी-मेरी बात छिड़ी तो
फिर क़िस्सा कुछ और बना है

झगड़ा है कैसा आख़िर, जब
दिल्ली-सा लाहौर बना है




(मासिक वर्तमान साहित्य, अगस्त 2009)
गौतम राजऋषि
About the poet

गौतम राजऋषि

View profile & all 29 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like