वह कर गया पार - फ़रीद खान

फ़रीद खानफ़रीद खान29 Sept 1975

6 min read · 12.4K reads

उसके पूरे परिवार का अपहरण कर लिया गया।
उसने बेगार से कर दिया था इनकार।
थोड़ा बहुत पढ़ लिया था नजर बचा के।

वह गाँव से लगी सड़क पर,
जहाँ बस आकर रुकती है थोड़ी देर,
खोलना चाहता था मोची की एक दुकान।

उसके घर के सामने नीम के पेड़ से उसे बाँध कर,
उसके ही सामने
घर वालों को घर में बंद कर,
कर दिया गया उनका दाह संस्कार।

सदियों से नंगे पैर रहने वाले अपने लोगों को,
रास्ते के काँटों से बचाने के लिए
जूते चप्पल देने के उसके अरमान को
आग अपनी जीभ से पकड़ पकड़ निगल रही थी।
उन्हें रफ्तार देने की उसकी कोशिश धू धू कर जल रही थी।

राख के बाद उसे छोड़ दिया गया।

वह राख के बीच बैठा था,
और राख उड़ उड़ कर उसके कंधे पर बैठ रही थी,
हाथों पर, होठों पर, सिर के बालों पर बैठ रही थी।
मानो उसकी बेटी कंधे पर चढ़ कर हुमक रही हो।
बीवी ने हाथ थाम कर होठों को चूमा हो।
विधवा माँ ने सिर पर हाथ फेरा हो।
और वह कर गया पार
गाँव की सीमा को पहली बार।

पर वह शहर नहीं गया,
जंगल गया।

सरकार के स्वर में स्वर मिलाते हुए,
अब रोज पत्रकार उसकी खबर छापते हैं।
फ़रीद खान
About the poet

फ़रीद खान

View profile & all 36 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like

उसने मिट्टी को छुआ भर था - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीदर्द औरों का हम - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीमुनव्वर राना के शेरअब जुदाई के सफ़र को मिरे आसान करोतुम मुझे ख़्वाब में आ कर न परेशान करो— मुनव्वर रानाये सर-बुलंद होते ही शाने से कट गयाये सर-बुलंद होते ही शाने से कट गयामैं मोहतरम हुआ तो ज़माने से कट गया— मुनव्वर रानाकुछ नहीं चाहने वाली लड़कीसोलह की यह लड़की दो-तीन साल पहले तकपेड़-पौधों पर रखती थी पाँव— ऐश्वर्य राजप्रतिज्ञाप्रतिज्ञाएँ बहा दो पानी में लड़कीप्रतिज्ञाएँ बहाओ पानी में;— बीरेंद्र चट्टोपाध्याय