दिल में ले के कशिश बंदगी की इश्क़ को आज़मा कर तो देखो
आस्ताँ पर कभी उस सनम के अपने सज्दे लुटा कर तो देखो
होगा हर इक मक़्बूल सज्दा अर्श का नूर होगा जबीं पर
आशिक़ो कूचा-ए-दिल-रुबा में अपने सर को झुका कर तो देखो
डूब जाएगी ख़ुद मस्त हो कर बे-ख़ुदी जलवा-ए-मा'रिफ़त में
जान-ए-जानाँ शराब-ए-मोहब्बत मय-कशों को पिला कर तो देखो
है तुम्हारी तलब मेरे दिल में नाम है मेरे लब पर तुम्हारा
ज़र्रा ज़र्रा है मुश्ताक़ जल्वा मेरी ख़ल्वत में आ कर तो देखो
दूर हो गई मुक़द्दर की ज़ुल्मत जगमगाएगा आईना दिल का
तुम को दुनिया में जन्नत मिलेगी उन की महफ़िल में जा कर तो देखो
ऐसा बदलेगा हस्ती का आलम इश्क़ ख़ुद होगा हुस्न-ए-मुजस्सम
ऐ 'फ़ना' रास आ जाएँगे ग़म उन से दिल को लगा कर तो देखो








