यदि होता किन्नर नरेश मैं

Dwarika Prasad MaheshwariDwarika Prasad Maheshwari1 Dec 1916 – 29 Aug 1998

2 min read · 14.6K reads

यदि होता किन्नर नरेश मैं
राज महल में रहता,
सोने का सिंहासन होता
सिर पर मुकुट चमकता।

बंदी जन गुण गाते रहते
दरवाजे पर मेरे,
प्रतिदिन नौबत बजती रहती
संध्या और सवेरे।

मेरे वन में सिंह घूमते
मोर नाचते आँगन;
मेरे बागों में कोयलिया
बरसाती मधु रस-कण।

मेरे तालाबों में खिलती
कमल-दलों की पाँती;
बहुरंगी मछलियाँ तैरती
तिरछे पर चमकातीं।

यदि होता किन्नर नरेश मैं
शाही वस्त्र पहनकर;
हीरे, पन्ने, मोती, माणिक-
मणियों से सज धज कर,

बाँध खड्ग तलवार सात
घोड़ों के रथ पर चढ़ता;
बड़े सवेरे ही किन्नर के
राजमार्ग पर चलता।

राजमहल से धीमे-धीमे
आती देख सवारी;
रुक जाते पथ, दर्शन करने
प्रजा उमड़ती सारी।

‘जय किन्नर नरेश की जय हो’
के नारे लग जाते;
हर्षित होकर मुझ पर सारे
लोग फूल बरसाते।

सूरज के रथ-सा मेरा रथ
आगे बढ़ता जाता;
बड़े गर्व से अपना वैभव
निरख-निरख सुख पाता।

तब लगता मेरी ही हैं ये
शीतल, मंद हवाएँ;
झरते हुए दूधिया झरने
इठलाती सरिताएँ।

हिम से ढकी हुई चाँदी-सी
पर्वत की मालाएँ;
फेन रहित सागर, उसकी
लहरें करतीं क्रीड़ाएँ।

दिवस सुनहरे, रात रुपहली
ऊषा-साँझ की लाली;
छन-छनकर पत्तों से बुनती
हुई चाँदनी जाली!

Dwarika Prasad Maheshwari
About the poet

Dwarika Prasad Maheshwari

द्वारिका प्रसाद माहेश्वरी (१ दिसम्बर १९१६ - २९ अगस्त १९९८) हिन्दी के साहित्यकार थे। उनका जन्म आगरा के रोहता में हुआ था। शिक्षा और कविता को समर्पित द्वारिका प्रसाद माहेश्वरी का जीवन बहुत ही चित्ताकर्षक और रोचक है। उनकी कविता का प्रभाव सुप्रसिद्ध बाल साहित्यकार…

View profile & all 12 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like