तू स्वादों का दास रे जोगी - द्विजेन्द्र द्विज

द्विजेन्द्र द्विजद्विजेन्द्र द्विज10 Sept 1962

4 min read · 12.4K reads

जोग कठिन अभ्यास रे जोगी
तू स्वादों का दास रे जोगी

यह तेरा रनिवास रे जोगी
जप-तप का उपहास रे जोगी

हर सुविधा तुझ पास रे जोगी
धत्त तेरा सन्यास रे जोगी

काहे का उल्लास रे जोगी
जीवन कारावास रे जोगी

रूहों से चिपका रहता है
जन्मों का इतिहास रे जोगी

नामों पर भी उग आती है
गुमनामी की घास रे जोगी

बीच भँवर में जैसे किश्ती
जीवन का हर श्वास रे जोगी

जीवन के कोलाहल में भी
सन्नाटों का वास रे जोगी

मन-मंदिर में हों जब साजन
सब ऋतुएँ मधुमास रे जोगी

साथ मिलन के भी रहता है
बिरहा का आभास रे जोगी

बुझ पाई है बूँदों से कब
यह मरुथल की प्यास रे जोगी

क्या जीवन क्या जीवन-दर्शन
मर जाए जब आस रे जोगी



द्विजेन्द्र द्विज
About the poet

द्विजेन्द्र द्विज

View profile & all 41 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like