हाँ मगर आँखों में पानी है अभी तक गाँव में - द्विजेन्द्र द्विज

द्विजेन्द्र द्विजद्विजेन्द्र द्विज10 Sept 1962

4 min read · 12.4K reads

  
सोचता हूँ अपना कोई है अभी तक गाँव में
‘इक पुराना पेड़ बाक़ी है अभी तक गाँव में ’

उसका साया है पिता-सा अब पिता जी तो नहीं
‘इक पुराना पेड़ बाक़ी है अभी तक गाँव में ’

और सब अपने पराए शहर में अब आ बसे
एक बस दादी हठीली है अभी तक गाँव में

शहर में चर्चे हैं तेरे रौब -रुतबे के मगर
तेरे बचपन की कहानी है अभी तक गाँव में

तन-बदन बेशक सुखा डाला ग़मों की आग ने
 हाँ मगर आँखों में पानी है अभी तक गाँव में

बेचना है शहर में इसके लिए भी गर ज़मीर
आ चलें दो जून रोटी है अभी तक गाँव में

बोलते सुनते समझते हैं जिसे अब तक भी लोग
ढाई आखर प्रेम-बानी है अभी तक गाँव में

साथ है परदेस में भी रात-दिन जिसकी महक
रात-रानी वो सुहानी है अभी तक गाँव में
द्विजेन्द्र द्विज
About the poet

द्विजेन्द्र द्विज

View profile & all 41 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like