पाठ

डॉ. अजितडॉ. अजित9 Sept 1982

1 min read · 12.4K reads

प्रेम ने मुझे

शालीनता सिखाई

ख़ुद से बेहतर बात करना

प्रेम के कारण सीख पाया मैं

प्रेम ने मुझे आदर करना सिखाया

और बिना बात अड़ने की ख़राब आदत

प्रेम के कारण ही छोड़ पाया मैं

प्रेम के कारण मैं सीख पाया

हँसी और आँसू में बुनियादी भेद

वरना मुद्दत तक

हँसते हुए लोग मुझे लगते थे रोते हुए

और हँसी आती थी किसी के रोने पर

प्रेम मुझे बदलने नहीं आया था

प्रेम मुझे ये बताने आया था कि

मनुष्य अपने चयन से अकेला हो सकता है

या फिर कमज़ोरियों के कारण

वरना

ईश्वर ने नहीं बनाया मनुष्य को

मात्र ख़ुद के लिए

उस पर हक़ होता है

किसी और का भी

कितनी अवधि के लिए?

ये बात नहीं बताई

किसी प्रेमी युगल ने मुझे

अनुभव के साक्षात्कार के बाद भी

शायद

यही बात बताने प्रेम आया था

जीवन में

और बताकर चला गया

अपनी कूट भाषा में।

डॉ. अजित
About the poet

डॉ. अजित

नई पीढ़ी के सुपरिचित कवि-गद्यकार। मूल नाम : अजित सिंह तोमर जन्म : 09/09/1982 | शामिली, उत्तर प्रदेश

View profile & all 24 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like