ख़ुशी बन कर हँसी बन कर दु'आ बन कर महकता है
घुले ख़ुशबू बुज़ुर्गों की जहाँ वो घर महकता है
मिरे आने की जब पहुँचे ख़बर सुन कर महकता है
मिरे आते ही पीहर का हर इक पत्थर महकता है
सभी का ध्यान बरबस खींच लेता है कहानी में
मिरा किरदार अदना सा है पर अक्सर महकता है
मिरे लहजे में अब घुलने लगी हैं ख़ुशबुएँ तेरी
सभी कहते हैं मुझ में अब मिरा दिलबर महकता है
मुझे दी थी मिरी माँ ने जो इक तहज़ीब की चूनर
मैं जब भी ओढ़ कर निकलूँ तो मेरा सर महकता है
मुझे छू कर गया है जब से तेरी याद का झोंका
खिला गुलशन कोई 'दिव्या' मिरे अंदर महकता है








