तिरंगे में लिपटा अभिमन्यु - दिनेश श्रीवास्तव

दिनेश श्रीवास्तवदिनेश श्रीवास्तव4 Sept 1952

7 min read · 12.4K reads

पांच साल पहले
जम्मू के हवाई अड्डे पर
हमारे साथ पहुंचा
तिरंगे में लिपटा एक ताबूत
जाने किस दुआ का असर
जाने किस मजार का प्रसाद
जाने किस माँग का सिन्दूर
जाने किस राखी के लिए हाथ
जाने किस आँचल का दूध,
जाने किस हाथ की लाठी.
जाने किस सर की छाया.

और सब तरफ खामोशी
छा गयी.
और मुझे लगा कि
जाने वाला अकेला न था.

कल फिर जम्मू के हवाई अड्डे पर
हमारे साथ पहुँचा
तिरंगे में लिपटा ताबूत.
किसी माँग का सिन्दूर
किसी दुआ का असर
किसी मजार का प्रसाद
किसी राखी के लिए हाथ
किसी हाथ की लाठी
किसी आँचल का दूध
किसी सर की छाया.
निगाहें उठीं,
पलक तक न झपकी.

और कहकहे लगते रहे,
बच्चे शोर मचाते रहे,
और कश्मीर की वादियों से
घूम कर आये जोड़े,
एक दूसरे से लिपटे
एक दूसरे में खोये रहे
फुसफुसाते रहे,
मुस्कराते रहे.

बस ताबूत के साथ आयी वर्दियाँ
खाली आँखों से
देखती रहीं,
दुनिया भर से आये
आपस में खोये
एक दूसरे से लिपटे जोड़ों को,
कहकहे लगाते लोगों को,
और शोर मचाते बच्चों को.

और तिरंगे में लिपटा ताबूत
अकेला पड़ गया,
बिलकुल अकेला
अभिमन्यु की तरह.

( रचनाकाल - १७ जून २००४ )

कारगिल युद्ध के दौरान जम्मू गया और पांच साल बाद फिर. दृश्य वही पर- लोगों की प्रतिक्रया देख कर मन खिन्न हो गया. आज भी ऐसे प्रस्तुत करते क्लेश हो रहा है कि मैं अपने सैनिकों के बलिदान को कम कर आँक रहा हूँ. बड़ी हिम्मत करके ही प्रस्तुत कर पा रहा हूँ.
दिनेश श्रीवास्तव
About the poet

दिनेश श्रीवास्तव

View profile & all 39 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like

उसने मिट्टी को छुआ भर था - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीदर्द औरों का हम - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीमुनव्वर राना के शेरअब जुदाई के सफ़र को मिरे आसान करोतुम मुझे ख़्वाब में आ कर न परेशान करो— मुनव्वर रानाअच्छी से अच्छी आब-ओ-हवा के बग़ैर भीअच्छी से अच्छी आब-ओ-हवा के बग़ैर भीज़िंदा हैं कितने लोग दवा के बग़ैर भी— मुनव्वर रानामेरे गाँव के कुत्तेएकदुआर पर बैठे नंगे बच्चे से— ऐश्वर्य राजआओ मिलकर बद्दुआ करेंदुनिया का कोई क़ानून बद्दुआओं के लिए किसी को रोक नहीं सकता।इसलिए आओ सब मिल कर बद्दुआ करें कि— फ़रीद ख़ाँ