अकेला रह गया - दिनेश सिंह

दिनेश सिंहदिनेश सिंह14 Sept 1947 – 2 Sept 2012

4 min read · 12.4K reads

बीते दिसंबर तुम गए
लेकर बरस के दिन नए
पीछे पुराने साल का
जर्जर किला था ढह गया
मैं फिर अकेला रह गया

तुम आ गए
तो भा गए
इस ज़िन्दगी पर छा गए
जितना तुम्हारे पास था
वह दर्द मुझे थमा गए

वह प्यार था कि पहाड़ का
झरना रहा जो बह गया
मैं फिर अकेला रह गया

रे साइयाँ, परछाइयाँ
मरूभूमि की ये खाइयाँ
सुधि यों लहकती
ज्यों कि लपटें
आग की अँगनाइयाँ

हिलाता हुआ पिंजरा टँगा रह गया
पंछी दह गया
मैं फिर अकेला रह गया

तुम घर रहो
बाहर रहो
ऋतुराज के सर पर रहो
बौरी रहें अमराइयाँ
पिक का पिहिकता स्वर रहो

ये बोल आह-कराह के
हारा-थका मन कह गया
मैं फिर अकेला रह गया
दिनेश सिंह
About the poet

दिनेश सिंह

View profile & all 31 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like