खुला आकाश भी था सामने माक़ूल मौसम था - डी. एम. मिश्र

डी. एम. मिश्रडी. एम. मिश्र15 Sept 1950

4 min read · 12.4K reads

खुला आकाश भी था सामने माक़ूल मौसम था
मगर अफ़सोस है उड़ने का उसमें हौसला कम था

बहुत मुश्किल था करना फ़ैसला हम किस तरफ़ जाते
किसी के घर में ख़ुशियाँ तो किसी के घर में मातम था

कोई हलचल नहीं थी और सब ख़ामोश बैठे थे
कहीं पर धूप ज़्यादा थी, कहीं वातावरण नम था

किसी को गर समझना हो तो उसको पास से देखो
जिसे फ़़ौलाद समझा था वो रेशम से मुलायम था

उसी को मैं चला था आज अपनी शान दिखलाने
कि जिसके सामने रक्खा मेरे बचपन का एलबम था

करोड़ों नवजवानों को मगर कल ख़्वाब में देखा
किसी की जेब में कट्टा,किसी के हाथ में बम था

किसी सरकार के हाथों में ताक़त की कमी थी क्या
मगर चोरों, लुटेरों के कलेजे में कहाँ दम था
डी. एम. मिश्र
About the poet

डी. एम. मिश्र

View profile & all 112 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like