प्रजातंत्र के विरुद्ध

धूमिलधूमिल

1 min read · 12.4K reads

पेट में धँसे छुरे के साथ भागती है अलारक्खी

सस्ते गल्ले की दुकान की बाहरी

दीवार से टकराती है। उसकी ख़ून भरी मुट्ठी में भिंचा हुआ

राशन कार्ड, हरित क्रांति के विरुद्ध

उसकी टाँगों में आफ़त है

मौत के सिरे पर एक ज़िंदगी

शुरू हो रही है। ए भाई रमजान! ए रामनाथ!

पेट से छुरा निकलने के पहले

उसकी टाँगों में फटती हुई आफ़त को निकालो।

और उस आततयी की तलाश करो, हाय हाय!

इस बच्चे के पिता इस औरत के पति की तलाश करो

यहीं कहीं

हाँ-हाँ यहीं कहीं होगा

किसी बद्दू मुहावरे की आड़ में

ख़ुदकुशी की रस्सी लटकाता हुआ,

पेट से लड़ते-लड़ते जिसका हाथ अपने प्रजातंत्र पर

उठ गया है।

धूमिल
About the poet

धूमिल

‘अकविता’ आंदोलन के समय उभरे हिंदी के चर्चित कवि। मरणोपरांत साहित्य अकादेमी पुरस्कार से सम्मानित। उपनाम : 'धूमिल' मूल नाम : सुदामा पांडेय धूमिल जन्म : 09/11/1936 | वाराणसी, उत्तर प्रदेश निधन : 10/02/1975 | लखनऊ, उत्तर प्रदेश साठोत्तरी कविता में ‘धूमिल’ का उदय…

View profile & all 24 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like