हमने आज ख़रीदा कल के बदले में - देवेन्द्र आर्य

देवेन्द्र आर्यदेवेन्द्र आर्य18 Sept 1957

3 min read · 12.4K reads

हमने आज ख़रीदा कल के बदले में ।
जैसे कोका-कोला जल के बदले में ।

रास ना आया भूख का देसीपन हमको,
प्लेटें चाट रहे पत्तल के बदले में ।

जब भी कुछ मिलने की बारी आई तो,
दिल्ली चुनी गई सम्भल के बदले में ।

भरा-पूरा-सा एक अकेलापन माँगे,
आज की कविता चहल-पहल के बदले में ।

मैंने अपने को फल तक सीमित रक्खा,
तुमने पेड़ गिने हैं फल के बदले में ।

बाक़ी सब तो पहलेवाला है केवल,
राम बहल हैं राम नवल के बदले में ।

आने वाली पीढ़ी करनेवाली है,
धरती का सौदा, मंगल के बदले में ।
देवेन्द्र आर्य
About the poet

देवेन्द्र आर्य

View profile & all 37 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like