इच्छा नदी के पुल पर खडी स्त्री - देवयानी

देवयानीदेवयानी13 Sept 1972

5 min read · 12.4K reads

इच्छा नदी का पुल
किसी भी क्षण भरभरा कर ढह जायेगा
इस पुल मे दरारें पड गई हैं बहुत
और नदी का वेग बहुत तेज़ है

सदियों से इस पुल पर खड़ी वह स्त्री
कई बार कर चुकी है इरादा कि
पुल के टूटने से पहले ही लगा दे नदी मे छ्लांग

नियति के हाथों नहीं
खुद अपने हाथों लिखना चाहती है वह
अपनी दास्तान

इस स्त्री के पैरों में लोहे के जूते हैं
और जिस जगह वह खडी है
वहाँ की ज़मीन चुम्बक से बनी है
स्त्री कई बार झुकी है
इन जूतों के तस्मे खोलने को
और पुल की जर्जर दशा देख ठहर जाती है
सोचती है कुछ

क्या वह किसी की प्रतीक्षा में है
या उसे तलाश है
उस नाव की जिसमें बैठ
वह नदी की सैर को निकले
और लौटे झोली मे भर-भर शंख और सीपियाँ

नदी किनारे के छिछले पानी में छपछप नहीं करना चाहती वह स्त्री
वह आकंठ डूबने के बाद भी
चाहती है लौटना बार बार
उसे प्यारा है जीवन का तमाम कारोबार
देवयानी
About the poet

देवयानी

View profile & all 49 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like