उसका जाना - देवयानी

देवयानीदेवयानी13 Sept 1972

3 min read · 12.4K reads

एक दिन बोली वह
अच्छा अब चलती हूँ
और चली गई दूर कहीं

कई दिनों तक नहीं हुई हमारी मुलाकात
शुरू में मैं समझती रही
ऐसे भी कोई जाता होगा भला
लौट आएगी यूँ ही किसी दिन
राह चलते
लौटते हुए घर
धुले हुए कपड़ों की तह लगाते
मिल जाएगी झाँकती देहरी से

भर लेगी बाँहों में
धर देगी आँखों पर कोमल हाथ
और पूछेगी – बताओ कौन?

आह्लादित मैं चहक उठूंगी
कविता!
कहाँ रही तुम इतने दिन?

किंतु जब नहीं लौटी वह
कई महीनों, बरसों तक
मैंने चाहा कई बार
ढूंढ़ा उसे कई जगह

अब मिलती भी है तो पहचानी नहीं जाती
क्या यह तुम ही हो कविता?
देवयानी
About the poet

देवयानी

View profile & all 49 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like