ज़िंदगी इक धूप है और तू मिरी छाँव है माँ
कुल्फ़तों की शब में शम' है तो बस तेरी दु'आ
मैं तो सो जाती हूँ गहरी नींद में आराम से
नीम-शब में जा के सज्दे में तू जब करती दु'आ
ज़िंदगी का जो हुनर सीखा है हम ने आज तक
काम मेरा कुछ नहीं है बस ये सब तेरी 'अता
भाँप लेती है हवा का रुख़ तू कितनी दूर से
वक़्त-ए-मुश्किल है मिरा होती है तू दिल-आश्ना
आज तक कोई समझ पाया नहीं इस राज़ को
हाल बच्चों के दिलों का है तुझे क्यूँकर पता
है दु'आ 'नाहीद' बस इतनी सी माँ की शान में
हो सदा साया-फ़गन आँचल तिरा शफ़क़त-भरा








