एक धुरी जिस पर गोल-गोल घूमती है पृथ्वी
उसी तरह तुम हो अपने आप में पूरी की पूरी...
गढ़ती हो हर रोज़ पर ख़ुद में रखकर लोच
ताकि ढल सको नित नए आकार में
वो माटी की सोंधी गंध तुम ख़ुद ही हो!
एक चाँद जो घटता-बढ़ता तो है हर दिन
पर छटाँक भर भी कम नहीं होता कभी!
वो नदिया जो गाती है झिर सावन के गीत
भादो को हरियाली दूब का मासूम चेहरा भी
तुम ही तो हो!
बसंती हवा के चंचल मन का पता ठिकाना
ठिठुरती सर्दी के सर पर ढकी दुशाला धूप
जेठ की भर दुपहरी के माथे से टपकी बूँद
जंगल-जंगल कूकती, टेरती, पुकारती
कोयल, बया, मैना, या कि टिटहरी
अपने अस्तित्व के साथ खड़े अकेले
तुम्हारे काठ के पाँव, जो लगातार मग्न हैं
हर्षोल्लास के साथ नृत्य में तल्लीन...
पूरी की पूरी सृष्टि तुम ही तो हो...!








