एक बेटी की मौत पर - चिन्तामणि जोशी

चिन्तामणि जोशीचिन्तामणि जोशी3 Sept 1967

6 min read · 12.4K reads

करोड़ों दिलों की
दुआ हार गई
कितने गहरे होंगे
दरिंदगी के वो जख्म
कि तुम्हारा संघर्ष हारा
देश-विदेश के
डॉक्टरों की कोशिश
बेकार गई

रक्त-मज्जा-अंग का
सह ह्रास
मन मजबूत था
क्या खास
तेरह दिनों की
जीवटता के बाद
पसरी मायूसी
टूटी आस
रण छोड़ गई तुम
देश को
देश के दिल
दिल्ली को
दुनियाँ को
झकझोर गई तुम

बेटी!
कैसा है वहाँ
अब तुम हो जहाँ
क्या वहाँ भी
जगह-जगह बार
और नशे का कारोबार है?
क्या वहाँ भी
अश्लील सोच
अपसंस्कृति का प्रसार है?
क्या वहाँ भी
दरिन्दों और
शोहदों की भरमार है?
क्या वहाँ की सत्ता में भी
दोहरे चरित्र वाले
नीति-नियंताओं का अधिकार है?
क्या वहाँ भी कोई पुरुष
मातृ-रूपी बेटी-बहिन के
अंग-भंग कर शर्मसार है?

नहीं ना ...
तब तो वहाँ
तुम्हारी चोटिल आत्मा
शायद शांति पा सके
क्षमा करना बिटिया!
वहाँ पर खोलना मत
इस जहाँ की
घिनौने कृत्यों की पेटियाँ
हाँ ..
अनवरत आवाज देना
इस जहाँ को -
‘कब महफूज होंगी बेटियाँ?‘
कदाचित
मेरे समाज में
नई क्रांति आ सके
और
तुम्हारी चोटिल आत्मा
शायद
शांति पा सके।
चिन्तामणि जोशी
About the poet

चिन्तामणि जोशी

View profile & all 15 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like