हम लोगों से बाहर सुबह हो रही थी
हम खड़े थे ख़ामोशी के भीतर
पानी की तलवार चमकाते हुए
गर्मी थी
मई से ज़्यादह
गर्मी से अधिक थी मजबूरी पानी की
ख़्वाहिश से कम नहीं थी गले में प्यास
प्यास थी बहते हुए पानी के लिए
पानी था तलवार में तना हुआ
नदी थी ताबूत में
ताबूत था नहीं हमारा
कंधे थे हमारे ताबूत को ढोते हुए
पाँव थे हमारे
पर चाबुक थे उनके
उनके थे उन्हीं के हाथों में चाबुक
जो दौड़ा रहे थे पाँवों को हमारे
दोपहर थी सदी जितनी
पसीना था नदी जितना
नदी ताबूत में थी
ताबूत था डिबिया बराबर
चाबुक था तिनके समान
फिर भी सुबह हमसे बाहर हो रही थी।








