एक लकीर - चंद्र रेखा ढडवाल

चंद्र रेखा ढडवालचंद्र रेखा ढडवाल15 Sept 1951

3 min read · 12.4K reads


सब घर
ऊँचे पहाड़ नहीं होते
जिनसे कूद कर
कोई जान दे दे

सब घर
गहरे दरिया नहीं होते
जिनमें‍ कोई डूब जाए

सब घरों में
शब्दों और हाथों के
भयावह कारनामों की
लम्बी फ़ेहरिस्त नहीं होती

सब घरों की रसोई में नहीं लपकती आग
थाम लेने को पल्लू साड़ी का
किनारा चूनर का
या पाऊँचा सलवार का

पर सब घरों में होती है
ज़ाहिर या नहीं ज़ाहिर-सी
एक लकीर
जिसके भीतर रहना
एक मात्र विकल्प औरत के लिए

पर सब घर
पल-पल जलती भट्टी
डेढ़ इंच लकड़ी की
खड़ाऊँ पहने
जिसके अग्नि-मुख
बन्द करती फिरती औरत.
चंद्र रेखा ढडवाल
About the poet

चंद्र रेखा ढडवाल

View profile & all 50 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like